- देश में शुक्रवार को 764 लोगों की कोरोना से मौत हुई, अब तक कुल 36 हजार 841 मरीज दम तोड़ चुके हैं
- शुक्रवार को सबसे ज्यादा आंध्र प्रदेश में 10,376 केस मिले, महाराष्ट्र में 10,320 मरीज मिले
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा शनिवार को 17 लाख के पार हो गया। लगातार पांचवी बार है ये जब एक लाख संक्रमित केवल दो दिन में मिले। इसी के साथ मरीजों की संख्या अब 17 लाख 23 हजार 335 हो गई है।
इस बीच, राहत की बात है कि संक्रमण से ठीक हो चुके मरीजों की संख्या भी 11 लाख के पार हो गई है। अब तक 11 लाख 21 हजार 905 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 36 हजार 838 लोगों की मौत हो गई।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में संक्रमण से मरने वालों की दर में लगातार कमी आ रही है। लॉकडाउन के दौरान यह 3.35% थी जो अब कम होकर 2.15% हो गई है।
दिल्ली में सीरो सर्वे का दूसरा चरण शुरू
दिल्ली में आज से सीरो-सर्वे का दूसरा चरण शुरू हो गया। यह सर्वे 1 से 5 अगस्त तक चलेगा। सभी 11 जिलों में 15 हजार सैंपल्स इकट्ठे किए जाएंगे। राज्य सरकार ने इससे पहले सीरो सर्वे 27 जून से 10 जुलाई तक किया था। इस दौरान 20 हजार सैंपल लिए गए थे। दरअसल, सीरो सर्वे के तहत यह पता लगाया जाता है कि किन लोगों में एंटीबॉडी डेवलप हो रही हैं। कहने का मतलब- अगर किसी व्यक्ति को कोरोना होता है। उसके अंदर कोई लक्षण नहीं उभरते, तो ऐसे व्यक्ति के शरीर में 5-7 दिन के अंदर अपने आप एंटीबॉडी बनना शुरू हो जाती हैं, जो वायरस को शरीर में पनपने नहीं देती हैं। इसे ही हर्ड इम्युनिटी कहते हैं।
कोरोना अपडेट्स
- केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि कोरोनावायरस को कंट्रोल करने के लिए सभी राज्यों को दिल्ली मॉडल अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मैं तेलंगाना सरकार से जांच, संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने और इलाज पर फोकस करने की बात कर रहा हूं। तेलंगाना में जांच की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। जितनी ज्यादा संख्या में जांच होगी, उतनी ही तेजी से यह बीमारी काबू में आएगी। आप जानते हैं कि दिल्ली में स्वस्थ होने की दर 84% है। वहां कोरोना को लेकर काफी अच्छा काम हुआ है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 57 हजार 117 मरीज बढ़े, वहीं 764 लोगों की मौत हुई। इसके साथ देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16 लाख 95 हजार 988 हो गई है। इनमें 5 लाख 65 हजार 103 एक्टिव केस हैं। वहीं, 10 लाख 94 हजार 374 लोग स्वस्थ हो गए हैं। अब तक देश में 36 हजार 511 लोगों की मौत हो चुकी है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, 31 जुलाई तक देश में 1 करोड़ 93 लाख 58 हजार 659 कोरोना टेस्ट किए गए। वहीं, शुक्रवार को सबसे ज्यादा 5 लाख 25 हजार 689 सैंपल की जांच की गई।