मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। प्रदेश में 24 घंटे में 12 पॉजिटिव मिले हैं। प्रदेश में लगातार चौथे दिन सबसे ज्यादा केस भोपाल में मिल हैं। भोपाल में एक छात्रा समेत 7 संक्रमित मिले हैं। इंदौर में 4 और होशंगाबाद में एक मरीज मिला है। इंदौर में क्वीन्स कॉलेज स्कूल में छठवीं की छात्रा पॉजिटिव मिली है, जबकि भाई एपीएस स्कूल के सेकेंड क्लास में पढ़ता है। वो भी संक्रमित पाया गया है। बहन स्कूल जाकर पढ़ती थी, जबकि भाई ऑनलाइन पढ़ाई कर रहा था। क्वीन्स कॉलेज स्कूल की प्रिसिंपल ने बताया कि आज ही उन्हें पता चला कि बच्ची 5 दिन से स्कूल नहीं आ रही थी।
भोपाल के 7 पॉजिटिव में से एक कोलार निवासी 21 साल की कॉलेज छात्रा भी शामिल है। इसके अलावा कोलार की ही एक 51 साल की महिला भी पॉजिटिव आई है। दोनों को चिरायु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, गोविंदपुरा निवासी 25 साल के युवक और 28 साल की महिला संक्रमित मिली है। इसके अलावा तीन केस साकेत नगर के हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। भोपाल में मिले सभी 7 मरीज को वैक्सीन के दोनों डोज लग चुके हैं। इनमें से अधिकतर मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री बताई जा रही है।
रिकवरी रेट 98% से ज्यादा
प्रदेश में अब तक 7 लाख 93 हजार 190 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 7 लाख 82 हजार 534 ठीक हो चुके हैं। कोरोना के कारण 10 हजार 528 लोगों की जान जा चुकी है। अभी प्रदेश में 128 एक्टिव केस हैं। रिकवरी रेट 98% से ज्यादा है